BREAKING: चर्च में अचानक मचा हंगामा, DD नगर थाने का मामला

बड़ी खबर

Update: 2024-07-28 15:56 GMT
रतलाम। रतलाम के एक चर्च में प्रार्थना सभा के दौरान 200 से ज्यादा आदिवासी जुटे। चर्च डीडी नगर थाने के लाखिया गांव में एक खेत में बना है। रविवार दोपहर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता चर्च पहुंच गए। हंगामा हो गया। विहिप की चर्च के पदाधकिारियों के साथ झूमाझटकी हो गई। पुलिस प्रार्थना करा रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने ले आई। ईसाई धर्म से जुड़ा साहित्य भी जब्त किया है। विश्व हिंदू परिषद का आरोप है कि तथाकथित चर्च में बीमारी ठीक करने के बहाने धर्मांतरण कराया जा रहा था।

विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री गौरव शर्मा के मुताबिक, 'लाखिया गांव आमलीपाड़ा ग्राम पंचायत में आता है। गांव में खेत में तथाकथित रुप से चर्च बना रखा है। धर्मांतरण की सूचना पर वहां जाकर देखा तो 200 से 300 आदिवासी महिला और पुरुष प्रार्थना सभा में बैठे थे। सेवा और उपचार के नाम पर धर्मांतरण किया जा रहा है।' शर्मा ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा, 'आखिर खेत के अंदर यह चर्च कैसे संचालित हो रहा है, इसकी परमिशन कैसे मिली? अलग-अलग गांव से लोगों को बुलाकर प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मातंरित किया जा रहा है।'

गांव आमलीपाड़ा मुख्य रोड से लगा है। गांव की सड़क किनारे दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग भी है। रेल पटरियों को पार कर खेत में सीमेंट की पक्की सड़क से बीच में से होकर खेत में यह भवन बना हुआ है। हिंदू संगठनों का आरोप है कि काफी समय से यहां पर आदिवासी समाज के लोग आते हैं और प्रार्थना सभा करते हैं। आदिवासी लोगों से बात की तो उनका कहना था कि कोई धर्मांतरण नहीं हो रहा है। हम तो प्रभु ईशु मसीह की प्रार्थना करने आते हैं। प्रार्थना करने से हमारी बीमारी ठीक होती है। आज भी हम प्रार्थना कर रहे थे।

रुपा बाई का कहना है, 'हमारे पूर्वज ईशु मसीह का धर्म मानते थे। पेट में दर्द होता है, यहां आने पर सुधर गया।' हल्दूपाड़ा से आईं थावरी ने बताया, 'काफी समय से बीमार थी। उठ-बैठ नहीं सकती थी। यहां आराधना करने से ठीक हूं।' थापू ने बताया, 'पेट में दर्द में होता था। बहुत दूर-दूर तक गए। ठीक नहीं हुए। मालिक से प्रार्थना की तो ठीक हो गए।' मौके से अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार प्रोटेक्शन काउंसिल दिल्ली का एक अपॉइंटमेंट सर्टिफिकेट भी मिला है। इस पर प्रभु मचार का नाम लिखा है। इसी व्यक्ति का इस संस्था के नाम का एक आईडेंटी कार्ड भी है। यही व्यक्ति लोगों को प्रार्थना करा रहा था। जब इससे भी जानकारी लेना चाही तो कहने लगा कि प्रार्थना सभा करा रहा था। पुलिस इस व्यक्ति को पकड़ कर थाने लेकर आई है। डीडी नगर थाना प्रभारी रवि दंडोतिया ने बताया कि जो भी तथ्य सामने आते हैं, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News

-->