खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रनिया थाना क्षेत्र के रनिया-मर्चा मार्ग पर विश्रामपुर गांव के समीप दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चार युवकों की एक साथ मौत से मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया है।
मेला देखकर लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, शनिवार को रनिया थाना क्षेत्र के लोहागड़ा बाजार में जतरा मेले का आयोजन किया गया था। मेले में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विश्रामपुर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
चार युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से दुर्घटना में घायल हुए युवकों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल युवक का उपचार जारी है। मृतकों की पहचान प्रेमांशु कोंगाड़ी, जीदन कोंगाड़ी, हेमंत बहादुर और विश्वा सिंह उर्फ छोटू के रूप में हुई है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
दुर्घटना के बाद पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, मोटरसाइकिल से नियंत्रण खोने या किसी अन्य कारण से हुई। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
6 नवंबर को भी हुई थी बड़ी दुर्घटना
खूंटी जिले में इससे पहले 6 नवंबर को भी भीषण सड़क हादसा हुआ था। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास एक अनियंत्रित 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क पर मौजूद लोगों को कुचल दिया था। उस दुर्घटना में सात लोगों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। अब रनिया-मर्चा मार्ग पर हुए हादसे में चार युवकों की मौत ने एक बार फिर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।