प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के विधायक ओम कुमार को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से वर्ष 2022 में निर्वाचित ओम कुमार के निर्वाचन को अमान्य घोषित करते हुए रद्द कर दिया है। हालांकि, अदालत ने राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी रहे मुंशी राम को विजेता घोषित करने की मांग खारिज कर दी है। यह आदेश न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय ने दिया है।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि रालोद प्रत्याशी मुंशी राम को 77,677 मत प्राप्त हुए थे। ओम कुमार ने महज 258 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुंशी राम ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत चुनाव याचिका दाखिल कर उनके निर्वाचन को चुनौती दी थी।
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया था कि ओम कुमार ने नामांकन के साथ दाखिल शपथपत्र में कई महत्वपूर्ण जानकारियां नहीं दी थीं। शपथपत्र में पिछले पांच वित्तीय वर्षों की आय का विवरण देना अनिवार्य था, लेकिन उन्होंने केवल वित्तीय वर्ष 2021-22 की 1,45,81,059 रुपये की आय का उल्लेख किया था। इससे पहले के चार वित्तीय वर्षों के कॉलम खाली छोड़ दिए गए थे।
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व निर्णयों का हवाला देते हुए कहा कि मतदाताओं को उम्मीदवार की वित्तीय पृष्ठभूमि जानने का मौलिक अधिकार है। अदालत ने शपथपत्र में अनिवार्य जानकारी नहीं देने को गंभीर त्रुटि माना। कोर्ट के अनुसार, रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा त्रुटिपूर्ण नामांकन स्वीकार करना अनुचित था।
हालांकि, अदालत ने ईवीएम, वीवीपैट और पोस्टल बैलेट की मतगणना में अनियमितता के आरोपों को पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने के कारण खारिज कर दिया। मुंशी राम को निर्वाचित घोषित करने की मांग भी अस्वीकार कर दी गई। हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार जनरल को फैसले की जानकारी तत्काल भारत निर्वाचन आयोग और उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष को देने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, ओम कुमार की अर्जी पर अदालत ने आदेश के क्रियान्वयन पर 15 दिनों की आंशिक रोक लगाई है। इस अवधि में वह अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व और विधानसभा की बहसों में भाग ले सकेंगे, लेकिन सदन या किसी समिति में मतदान नहीं कर सकेंगे। उन्हें विधायक के रूप में कोई मौद्रिक लाभ भी प्राप्त नहीं होगा।
Tags: