गोवा में 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार, CM प्रमोद सावंत ने जताया भरोसा
Goa गोवा। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में भाजपा सरकार के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की गई। उन्होंने दावा किया कि अधूरे पड़े सभी प्रमुख प्रोजेक्ट्स को अगले चार महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि भाजपा के राज्य नेतृत्व और सभी मंत्रियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान पिछले साढ़े चार वर्षों में शुरू किए गए प्रोजेक्ट्स और योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीएम सावंत ने बताया कि बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं को गोवा में तेजी से लागू करने और उनके लाभ को लोगों तक पहुंचाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास कार्यों को समय पर पूरा करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है और जो प्रोजेक्ट अभी अधूरे हैं, उन्हें जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले चार महीनों में लंबित विकास कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा।
प्रमोद सावंत ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले वर्षों में गोवा के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में गोवा में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और सरकार के विकास कार्यों के आधार पर पार्टी को समर्थन मिलेगा।
बैठक में राज्य सरकार के मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने सरकार के कामकाज और आगामी योजनाओं को लेकर चर्चा की। पार्टी नेतृत्व ने विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। गोवा की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो रही हैं। भाजपा जहां अपने विकास कार्यों को उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है, वहीं विपक्ष सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठाता रहा है।