Salooni. सलूणी। पंचायत समिति सलूणी की सत्ता पर लगातार दूसरी बार भाजपा ने कब्जा जमाया है। गुरूवार को संपन्न पंचायत समिति के चुनावों में भाजपा समर्थित छाया देवी अध्यक्ष व मदन लाल उपाध्यक्ष पद चुन लिए गए। पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया कार्यकारी एसडीएम भरमौर अभिराय सिंह ठाकुर की देखरेख में संपन्न हुई। पंचायत समिति की सत्ता पर दोबारा कब्जा जमाने के बाद भाजपाइयों ने डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर की अगुवाई में मुख्यालय में रैली निकालकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन भी किया।
गुरूवार को पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद की चुनावी प्रक्रिया उपमंडल मुख्यालय में निपटाई गई। पंचायत समिति के अध्यक्ष पद हेतु भाजपा समर्थित छाया देवी व कांग्रेस समर्थित निशा देवी के बीच मुकाबला हुआ। इसमें छाया देवी को बारह और निशा देवी को छह मत हासिल हुए, जबकि एक मत अवैध घोषित किया गया। छाया देवी को छह मतों से विजेता घोषित किया गया। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित मदन लाल को ग्यारह और कांग्रेस समर्थित तिलक राज को सात मत हासिल हुए। एक मत को अवैध घोषित किया गया। मदन लाल को चार मतों से विजयी रही।