Delhi दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्त कार्रवाई करते हुए Creative Bakers and Confectioners Pvt. Ltd. का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। FSSAI के मुताबिक निरीक्षण के दौरान कंपनी के परिसर में गंभीर स्वच्छता और सैनिटेशन संबंधी खामियां पाई गईं।
FSSAI ने कहा कि देशभर में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य कारोबारियों पर नियामकीय अनुपालन को सख्ती से लागू किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान खाद्य उत्पादन और हैंडलिंग वाले क्षेत्रों में गंदगी, धूल, चिकनाई, मकड़ी के जाले और मक्खियां पाए जाने की बात सामने आई। कुछ खराब होने वाली खाद्य सामग्री खुले में रखी मिली, जबकि कच्चे और अधबने उत्पादों के लिए जंग लगे तथा पर्याप्त रूप से साफ नहीं किए गए कंटेनरों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई।
जांच में कीट नियंत्रण की व्यवस्था भी अपर्याप्त पाई गई। इसके अलावा पुराने स्टॉक, कचरे और अस्वीकृत सामग्री के खाद्य हैंडलिंग क्षेत्र में जमा होने जैसी कमियां दर्ज की गईं। जरूरी फूड सेफ्टी रिकॉर्ड और निगरानी व्यवस्था भी उचित तरीके से बनाए नहीं रखने की बात FSSAI ने कही है। इन गंभीर खामियों को देखते हुए FSSAI ने कंपनी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और निलंबन अवधि के दौरान सभी खाद्य कारोबारी गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया है।
Tags: