प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में गुरुवार शाम हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जार्ज टाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर इलाके में एक सैलून के अंदर शेविंग करा रहे 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीन अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अरविंद पासी के रूप में हुई है। अरविंद अल्लापुर में बैंक के पास स्थित शेरू नाई के सैलून में शेविंग करा रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से सैलून में अफरा-तफरी मच गई।
गोली लगने से अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अरविंद अपनी मौसी के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए प्रयागराज आया था। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी और नौ वर्षीय बेटा है। अरविंद की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि 26 सितंबर 2025 को अल्लापुर में साजन मेहर की हत्या कर दी गई थी। अरविंद पासी उस हत्याकांड में गवाह था और मुकदमे की पैरवी भी कर रहा था। आशंका है कि इसी मामले से जुड़ी रंजिश के चलते अरविंद को निशाना बनाया गया हो। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
Tags: