शराब छोड़ने की नसीहत बनी मौत की वजह, बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता को काटा
पूछताछ
Bokaro बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोमिया थाना क्षेत्र के कारीपानी गांव में एक बेटे ने शराब पीने से रोकने पर अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 60 वर्षीय जयलाल करमाली के रूप में हुई है। उनका 30 वर्षीय बेटा अर्जुन करमाली शराब का आदी बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, अर्जुन अक्सर शराब के नशे में घर आता था और परिवार के साथ विवाद करता था। उसकी इस आदत से परेशान होकर उसकी पत्नी भी कुछ समय पहले मायके चली गई थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात अर्जुन एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां उसने जमकर शराब पी। देर रात नशे की हालत में घर लौटने पर उसके पिता जयलाल करमाली ने उसे शराब छोड़ने की सलाह दी और उसकी आदतों को लेकर डांट-फटकार लगाई। पिता की बात सुनकर अर्जुन गुस्से में बेकाबू हो गया। आरोप है कि उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से जयलाल करमाली की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोमिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और दुख का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।