भतीजी से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

गला दबाकर की थी हत्या |

Update: 2023-03-09 14:14 GMT
हरदोई। पचदेवरा इलाके में बुधवार को भतीजी के साथ दुष्कर्म और गला दबाकर हत्या करने वाला चाचा पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है। वारदात के बाद आरोपी रिश्ते के चाचा को पुलिस ने गांव के बाहर से गिरफ्तार किया था। आज पुलिस आरोपी को डॉक्टरी परीक्षण के लिए लेकर आ रही थी। रास्ते में शौच के लिए रुकने पर दुष्कर्म का आरोपी आरक्षी की राइफल छीनकर भागा और पुलिस पर फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह पैर में गोली लगने से घायल हुआ है।जिसे उपचार के लिए हरदोई के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। पचदेवरा थाना क्षेत्र के नारायणपुर पुलिया के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में 8 साल की बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाला आरोपी कृष्ण कुमार उर्फ कृष्णा पाठक पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है।बुधवार को होली के दिन अनंगपुर गांव में अपने घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही बालिका अचानक गायब हो गई थी। लापता हुई बालिका बेहोशी की हालत में अर्धनग्न अवस्था में घर के बाहर पड़ी मिली थी। बालिका को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।
इस मामले में पुलिस ने बालिका के रिश्ते के चाचा को दुष्कर्म और गला दबाकर हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी कृष्णा पाठक को गांव के बाहर से गिरफ्तार कर आज थाना पचदेवरा पुलिस उसे डॉक्टरी परीक्षण के लिए शाहाबाद सीएचसी लेकर जा रही थी। रास्ते में पचदेवरा थाना क्षेत्र में नरायनपुर पुलिया के पास आरोपी ने लघुशंका के बहाने रुकने के लिए कहा और सिपाही महेश की राइफल छीनकर भागने लगा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग की, पुलिस की जवाबी फायरिंग में कृष्णा पाठक पैर में गोली लगने से घायल हो गया।जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद में भर्ती कराया गया है। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी कृष्णा पाठक को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मारकर घायल किया है। इस आरोपी ने पड़ोस की रहने वाली 8 वर्षीय मासूम भतीजी के साथ दुष्कर्म और गला दबाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर रिश्ते के चाचा को गिरफ्तार किया और मेडिकल के लिए सीएचसी ले जाया जा रहा था। इसी बीच नारायणपुर के पास शौच क्रिया करने के लिए उतरते समय आरक्षी की राइफल छीन कर कृष्णा भागने लगा। जिसको करीब ढाई सौ मीटर तक पुलिस ने दौड़ाया तो उसने फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने हिकमत अमली के साथ गोली मारकर आरोपी कृष्णा को पकड़ा है। जिसको इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags:    

Similar News