Ayodhya अयोध्या। राम मंदिर ट्रस्ट की बुधवार को होने वाली बैठक में सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) का चयन सबसे अहम मुद्दा रहेगा। सीईओ चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति मंगलवार को ट्रस्ट अध्यक्ष को तीन फाइनल नाम सौंपेगी। इसके बाद बैठक में इन नामों पर चर्चा कर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव की ओर से बैठक का एजेंडा जारी कर दिया गया है और सभी सदस्यों को आमंत्रण पत्र भेजे जा चुके हैं। बैठक अयोध्या स्थित मणिराम छावनी मंदिर में आयोजित होगी। ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास के अनुसार, बैठक के दो सत्र होंगे। पहला सत्र दोपहर 2 बजे और दूसरा सत्र शाम 4 बजे से शुरू होगा।
बैठक में सीईओ नियुक्ति के अलावा ट्रस्ट प्रवक्ता की नियुक्ति, सालाना लेखा-जोखा, मंदिर प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा, दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एसआईटी रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही ट्रस्ट के तीन खाली पदों को भरने पर भी विचार किया जाएगा। सीईओ चयन के लिए बनाई गई समिति में रिटायर्ड जज प्रमोद कोहली, विष्णु कांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े शामिल हैं। समिति को कुल 5585 आवेदन मिले थे। इनमें से ऑनलाइन इंटरव्यू के बाद 111 उम्मीदवारों को चुना गया और मेरिट के आधार पर 16 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया।
वहीं, चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्र की ट्रस्ट में वापसी को लेकर फिलहाल कोई चर्चा नहीं होगी। ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि एसआईटी जांच पूरी होने तक इस विषय पर फैसला नहीं लिया जाएगा। इस बीच चढ़ावा चोरी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने रामपथ पर प्रदर्शन भी किया।
Tags: