Paonta Sahib. पांवटा साहिब। पांवटा साहिब में चैत्र नवरात्र के पहले दिन जैसे ही कटासन देवी माता के कपाट खुले तो पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। पहने नवरात्र के दौरान कटासन देवी मंदिर सहित गीता मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर, हनुमान मंदिर और मां यमुना मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। घरों में लोगों ने कलश की स्थापना कर मां का पूजन किया व माता का सोलह शृंगार कर उनसे अपनी मनोकामना मांगी। नवरात्र के पहले दिन घर के बड़ों ने पूजा कर परिवार के कल्याण की कामना की। चैत्र नवरात्र के पहले दिन पूरे देश में मां की पूजा को लेकर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ है। मां दुर्गा की आराधना के साथ रविवार को लोगों ने अपने व्रत आरंभ किया व घरों-मंदिरों में पूजन कर मां से मनोकामनाएं मांगी।
नवरात्र के दौरान नौ दिन मां दुर्गा के अलग-अलग नवरूपों की भक्त पूजा करते हैं। नवरात्र के पहले दिन कटासन देवी के मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। इस दौरान कटासन देवी मंदिर के पुजारी बाबू राम ने बताया कि कटासन देवी मंदिर में नवरात्रों के दौरान छोटा सा मेला लगता है। उन्होंने बताया कि नवरात्रों में मां कटासन देवी के दर्शन करने हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल के राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं व अपनी मनोकामना पूरी करते हैं। पुजारी बाबू राम ने बताया कि इस दौरान मंदिर में मां भंडारा भी लगा रहता है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पहले नवरात्रे के दिन हजारों श्रद्धालुओं ने माता के आगे शीश झुकाया।