शिमला। युवाओं में ऑनलाइन गेमिंग का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है, जिससे साइबर अपराध भी बढ़ रहे हैं। युवा आकर्षक ऑफर्स और आसान जीत के लालच में फंस रहे हैं, जिससे वे अपनी निजी जानकारी और पैसे खो रहे हैं। ऐप डाउनलोड के मामले में भारत सबसे बड़ा मोबाइल गेमिंग बाजार बन चुका है। देश भर में करीब 40 करोड़ से ज्यादा गेमर्स हैं। ऑनलाइन गेमिंग इंडस्ट्री ने जितनी तेजी से बच्चों और युवाओं को अपनी चपेट में लिया है, उतने ही इससे जुड़े साइबर फ्रॉड भी तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके मकडज़ाल में फंसकर युवा अपना कीमती वक्त तो गंवा ही रहे हैं, अपनी कमाई से भी हाथ धो रहे हैं। साइबर सैल शिमला ने लोगों को ऑनलाइन गेमिंग के फ्रॉड को लेकर एड़वाइजरी जारी की है।
साइबर सैल के मुताबिक ऑनलाइन गेमिंग के जरिए स्कैमर्स न सिर्फ लोगों की आईडी, क्रेडिट व डेबिट कार्ड की डिटेल चोरी करने में कामयाब हो रहे हैं, बल्कि स्कैमर साइबर बुलिंग और ब्लैकमेलिंग तक कर रहे हैं। हाल ही में यूपी में ऐसा गैंग पकड़ा गया, जो युवाओं को कम पैसे लगाकर ज्यादा जीतने का लालच देकर फंसाता था। गेम की हार-जीत गैंग के हाथ में होती थी। बताया जा रहा है कि महादेव बेटिंग ऐप एक ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए बनाई गई ऐप थी। इस पर साइन इन करने वाले यूजर्स पोकर, चांस गेम्स और कार्ड गेम्स जैसे कई गेम खेल सकते थे। इस ऐप के जरिए क्रिकेट, बैडमिंटन, टेनिस, फुटबाल जैसे खेलों में सट्टेबाजी भी की जाती थी। इस ऐप को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए इनके ऑनर ने सोशल मीडिया मार्केटिंग और इन्फ्लुएंसर का भी सहारा लिया था। इसके कारण गेमिंग ऐप से हो रहे फर्जीवाड़े को देखते हुए गृह मंत्रालय की साइबर विंग ने अलर्ट रहने को कहा है।
Tags: