Nahan. नाहन। सिरमौर जिला में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए। जिला सिरमौर के आठ खंड विकास के अंतर्गत 90 ग्राम पंचायतों के 538 पोलिंग बूथ पर गुरुवार को रिकार्ड 85.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला के किसी भी मतदान केंद्र में किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। जिला में दूसरे चरण के शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने जिला के तमाम लोगों, मतदाताओं व चुनावी ड्यूटी पर तैनात स्टाफ का विशेष तौर पर आभार जताया है। जिला सिरमौर में गुरुवार को 85.12 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने, जबकि महिलाओं का आंकड़ा पुरुष से कुछ अधिक रहा तथा महिला मतदाताओं का मत प्रतिशत 85.21 प्रतिशत रहा। द्वितीय चरण में जिला की आठ पंचायत समितियों के अंतर्गत कुल 1,25,693 मतदाताओं में से 1,07,023 मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। विकास खंड नाहन की नौ ग्राम पंचायतों में 86.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि विकास खंड ददाहू की नौ पंचायतों में 85.67 प्रतिशत मतदान हुआ।
जिला में सर्वाधिक मतदान विकास खंड कमरऊ स्थित तिलोरधार की आठ पंचायतों में 89.38 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विकास खंड संगड़ाह की यदि बात करें तो यहां की 13 पंचायतों में 86.17 प्रतिशत मतदान हुआ। विकास खंड शिलाई की 12 पंचायतों में 82.89 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को चुनने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। उपायुक्त ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे से शुरू हो गई थी जो निर्धारित समय तीन बजे तक चली। तीन बजे के पश्चात मतदाताओं की जो लंबी-लंबी कतारें कुछ मतदान केंद्रों पर लगी थी वहां पर अतिरिक्त समय केवल उन मतदाताओं को दिया गया जो कतारों में कैंपस के भीतर उन्हें मत डालने का समय दिया गया। उपायुक्त ने मतदान में रुचि दिखाने वाले लोकतांत्रिक प्रक्रिया में योगदान देने के लिए सभी श्रेणी के मतदाताओं का विशेष आभार व्यक्त करते हुए लोगों का आह्वान किया कि 30 मई को तीसरे चरण के मतदान में भी अपनी अहम भूमिका निभाएं तथा अधिक से अधिक मतदान करें।