त्रिपुरा। राजधानी अगरतला में एक अपार्टमेंट में एक भीषण विस्फोट में कई लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक एक महिला को काफी गंभीर चोटें आई हैं और उसे जीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अपार्टमेंट के अंदर और आसपास भी खिड़कियां टूट गई हैं। इमारत का एक हिस्सा एकदम जर्जर हो गया है। घटना रामनगर संकट चौमुहानी स्थित एनएस अपार्टमेंट की है। धमाका इतना जोरदार था कि बहुत सारे फ्लैट्स की खिड़कियां टूट गईं और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
सीनियर पुलिस अधिकारी देव प्रसाद राय ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहु्ंची। उन्होंने कहा, रात में 12 बजे हमें जानकारी मिली की एनए अपार्टमेंट में जोरदार धमाका हुआ है। इसके बाद हम तुरंत वहां पहुंचे और पता चला कि अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर ही धणाका हुआ है। हमने इमर्जेंसी सर्विस को सचूना दी और तुरंत बम निरोधक दस्ते और दमकल को बुलाया गया। संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं और धमाके की वजह जानने की कोशिश कर रही हैं। हमें उम्मीद है कि जल्द ही बता चल जाएगा कि इतना जोरदार धमाका किस वजह से हुआ। यहां रहने वाले बहुत सारे लोग घायल हुए हैं। वहीं एक महिला को गंभीर रूप से चोट आई है। कांच के टुकड़े उसकी आंख के पास धंस गए हैं। इसके अलावा पहली मंजिल पर मौजूद एक युवक को भी चोट आई हैं।
घटना के बाद सबसे पहले दमकल विभाग के अधिकारियों और बम निरोधक दस्ते ने अपना काम किया। हालांकि धमाके की असली वजह का पता नहीं चल पाया। यहां रहने वाले लोगों को शक है कि यह धमाका गैस सिलेंडर में हो सकता है। वहीं एजेंसियों का कहना है कि फरेंसिक जांच की जा रही है और इसके बाद कुछ स्पष्ट जानकारी मिल सकती है। घटनास्थल पर सुरक्षाबलों की मौजूदगी में ही जांच हो रही है।