7 लोगों की मौत, सवारी गाड़ी और ट्रक के बीच हुई टक्कर

बड़ा हादसा

Update: 2026-06-26 01:31 GMT

झारखंड। रामगढ़ जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के बारलौंग में रात करीब 11:00 बजे शादी की ताशा पार्टी की गाड़ी और 10 चक्का ट्रक के बीच भीषण टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई। रजरप्पा थाना क्षेत्र के बारलौंग बुधबाजार में लगातार तीसरे दिन भीषण सड़क हादसा हुआ।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की रात करीब 11 बजे एक शादी पार्टी से लौटते वक्त बारलौंग बुधबाजार में गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने ताशा पार्टी के पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक शख्स ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। मरने वाले सभी हजारीबाग जिला के गिद्दी थाना क्षेत्र स्थित हुआग के मशहूर रूपाली ताशा पार्टी के सदस्य थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना था कि तीन दिन से इसी जगह पर दुर्घटना हो रही जिसमें अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन पुलिस ने हादसों की रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

बताया जाता है कि दोनों वाहनों के बीच हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और आवाज दूर तक सुनाई दी। लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। लोगों ने पिकअप में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया। हादसे के बाद एनएच 23 पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पुलिस टीमें भी पहुंची और जाम खुलवाने के साथ ही राहत और बचाव का काम किया।

Tags:    

Similar News