Shimla. शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर के ललित कला अकादमी में क्षेत्रीय केंद शिमला के अंतर्गत स्कॉलरशिप प्राप्त कर रहे 8 स्कॉलरों की चित्रकला प्रदर्शनी दि फस्र्ट 8 का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन शुक्रवार को प्रवीण पंडित द्वारा किया गया। यह कला प्रदर्शनी 6 जून तक आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में 8 स्कॉलरों की 150 के करीब कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। जिसमें आकर्षण बोरा, अमित कुमार, दिव्या गुप्ता, प्रज्ञा शाह, सचिन मेहता, शानू शर्मा, श्रेया रावत और सुगम गौर द्वारा दस महीनों का काम प्रदर्शित किया गया है। ललित कला अकादमी, नई दिल्ली (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा देशभर के कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय केंद्रों एवं उप-केंद्रों में विभिन्न कला आयोजनों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में दृश्य कला के क्षेत्र में उभरते कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया गया है। देश के पांच क्षेत्रीय केंद्रों में चयनित छात्रवृत्ति प्राप्त कलाकारों को एक वर्ष तक प्रति माह 20 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। भारत सरकार द्वारा आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छात्रवृत्तियों की संख्या बढ़ाकर 75 कर दी गई है। इनमें से 8 छात्रवृत्तियां गेयटी थियेटर परिसर स्थित क्षेत्रीय केंद्र शिमला को आवंटित की गई हैं। जिसमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख एवं जम्मू-कश्मीर के युवा प्रशिक्षित दृश्य कलाकार हर वर्ष इस छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके तहत कलाकारों को अपनी कला प्रतिभा को प्रदर्शित करने और आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।