रायपुर में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट का बड़ा अभियान, अवैध शराब बरामद
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के दौरान जहां एक ओर अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की गई, वहीं दूसरी ओर पुराने वाहन चोरी मामलों से जुड़े आरोपियों की तस्दीक की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्ती का संदेश गया है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम काम्बले और पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश और मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और प्रभारी अधिकारियों के नेतृत्व में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की करीब 70 सदस्यीय टीमों का गठन किया गया था।
यह अभियान 24-25 जून 2026 की दरम्यानी रात को चलाया गया, जिसमें रात्रि 3 बजे से सुबह 7 बजे तक रायपुर शहर के विभिन्न इलाकों में आकस्मिक चेकिंग और सघन जांच की गई। पुलिस टीमों ने वाहन चोरी के पुराने आरोपियों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस अभियान के दौरान वाहन चोरी के मामलों से जुड़े कुल 30 पुराने आरोपियों को पकड़कर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट कार्यालय लाया गया। यहां उनकी विस्तृत तस्दीक की गई और उनके वर्तमान में उपयोग किए जा रहे दोपहिया वाहनों की जांच कर सत्यापन किया गया। पूछताछ के बाद सभी व्यक्तियों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया। पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि में शामिल न हों। सभी का डेटा भी रिकॉर्ड में संधारित किया गया है।
इसी अभियान के दौरान गंज थाना क्षेत्र में भी एक बड़ी कार्रवाई की गई। गंजपारा स्थित बांसटाल पानी टंकी के पास एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा गया। आरोपी की पहचान आकाश बेसरा (उम्र 26 वर्ष), निवासी गोकुल नगर, गली नंबर-04, लम्बू चाय दुकान के पास, थाना गुढ़ियारी रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 160 पौवा अंग्रेजी शराब और लगभग 20,000 रुपये नगद बिक्री रकम बरामद की है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 195/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, पिछले एक माह में इस विशेष अभियान के तहत एंटी क्राइम और साइबर यूनिट ने वाहन चोरी के 16 मामलों में 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उनके कब्जे से लगभग 29 वाहन, जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपये है, बरामद किए गए हैं। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लावारिस हालत में खड़े 19 दोपहिया वाहनों को भी जब्त किया गया है, जिनमें से 5 वाहनों को उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया जा चुका है। बाकी वाहनों के मालिकों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य शहर में अपराध पर नियंत्रण रखना, पुराने मामलों में शामिल आरोपियों पर निगरानी बनाए रखना और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करना है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की चेकिंग और कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरे अभियान के बाद रायपुर पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है और इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।