Surajpur. सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी की हत्या कर उसकी मौत को हादसा बताने की कोशिश करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी की नाले में गिरने से आई अंदरूनी चोट के कारण मौत हो गई थी। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में उसकी कहानी का खुलासा हो गया। पुलिस के मुताबिक, पत्नी की मौत नाले में गिरने से नहीं, बल्कि पति द्वारा की गई मारपीट के कारण गंभीर अंदरूनी चोटें आने से हुई थी। मामले में चौकी चेन्द्रा पुलिस ने आरोपी लालू प्रसाद पण्डो के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

नाले में गिरने से मौत होने की दी थी जानकारी
पुलिस के अनुसार, ग्राम रैसरा निवासी 35 वर्षीय लालू प्रसाद पण्डो ने 10 नवंबर को चौकी चेन्द्रा में अपनी पत्नी लक्षंती बाई की मौत की सूचना दी थी। उसने बताया था कि 9 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे वह अपनी पत्नी के साथ महतारी वंदन योजना की राशि के संबंध में जानकारी लेने ग्राहक लोक सेवा केंद्र गया था। वहां से दोनों अपने फूफा के घर ग्राम टोमो जाने के लिए निकले थे। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि शाम करीब सात बजे ग्राम टोमो के बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी पत्थर पर गिर गई थी। इससे उसे अंदरूनी चोट आई और वह पानी में भीग गई। इसके बाद वह पत्नी को नाले के पास स्थित एक व्यक्ति के मवेशी बांधने वाले बथान में आम के पेड़ के नीचे ले गया, जहां उसकी सिकाई करने लगा। उसने बताया था कि रात करीब 11 बजे पत्नी को छूकर देखा तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। आरोपी ने पुलिस के समक्ष नाले में गिरने से लगी चोट को पत्नी की मौत का कारण बताया था।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हुआ हत्या का खुलासा
महिला की मौत की सूचना मिलने पर चौकी चेन्द्रा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 91/2026 कायम किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम कराया। जांच के दौरान गवाहों के बयान दर्ज किए गए और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का बारीकी से परीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि लक्षंती बाई की मौत नाले में गिरने के कारण नहीं हुई थी। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत हाथ-मुक्के और लात से की गई मारपीट के कारण आई गंभीर अंदरूनी चोटों से हुई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय लालू प्रसाद अपनी पत्नी के साथ मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की।

मामूली विवाद के बाद पत्नी से की मारपीट
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी लालू प्रसाद ने बताया कि 9 नवंबर को बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी पानी में गिर गई थी। पत्नी को उठाकर नाला पार कराने के बाद उसने जल्दी चलने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी के अनुसार, पत्नी ने उसे अपशब्द कहे थे, जिससे वह नाराज हो गया। गुस्से में उसने पत्नी के साथ हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की। पुलिस का कहना है कि इस मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण लक्षंती बाई की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने घटना की सच्चाई छिपाने के लिए पत्नी की मौत को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में पति गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद चौकी चेन्द्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लालू प्रसाद पण्डो, पिता स्वर्गीय रामजीत पण्डो, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम रैसरा असनाढोढ़ी को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत हत्या एवं साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags: