हल्दिया एक्सप्रेस में युवती से अभद्रता का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में बुजुर्ग दंपती से मारपीट, जांच में जुटी रेलवे पुलिस
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया रेलवे स्टेशन पर एक युवती से कथित अभद्र व्यवहार का विरोध करने पर उसके दादा-दादी के साथ मारपीट की गई। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रेलवे पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रेलवे पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय सुर्बिना खातून बुधवार को आनंद विहार-हल्दिया एक्सप्रेस में यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान कुछ सहयात्रियों ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अश्लील टिप्पणियां कीं। युवती के दादा-दादी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की।
आरोप है कि हल्दिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। दोनों घायलों को हल्दिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेलवे पुलिस ने असलम अली (19), मुक्तार अली (29) और जासिम खान (18) को गिरफ्तार किया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।