आसनसोल: पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के पांडवेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, निमचा इलाके से शेख राही और इंद्रजीत पासवान को गिरफ्तार किया गया, जबकि खोट्टाडीही क्षेत्र से रोहित मंडल को पकड़ा गया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद करने का दावा किया है। हालांकि, बरामद पदार्थों की मात्रा और उनकी सटीक प्रकृति का खुलासा अभी नहीं हुआ है।

बुधवार को तीनों आरोपियों को आसनसोल जिला न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत की मांग की गई। पुलिस मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

वहीं, दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने हाल ही में बीरभूम से दुर्गापुर तक ब्राउन शुगर की कथित तस्करी और विद्यार्थियों तक इसकी पहुंच को लेकर चिंता जताई थी।

Tags: