हावड़ा में देव दीपावली का भव्य आयोजन, वैदिक मंत्रों और आरती से गूंजा मंदिर
देव दीपावली महोत्सव में सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता पर जोर
हावड़ा: पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्थित सेठ बंसीधर जालान स्मृति मंदिर में देव दीपावली का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानंद सरस्वती के सान्निध्य में आयोजित समारोह में परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों की आरती और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विश्व शांति, समृद्धि और मानव कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि देव दीपावली अंतर्मन में करुणा, प्रेम, सद्भाव और सेवा भावना जागृत करने का पर्व है।
उन्होंने युवाओं से आधुनिक ज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़े रहने का आह्वान किया। समारोह में उपस्थित स्वपन दासगुप्ता ने भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का आधार बताया। आयोजन के माध्यम से मानवता, सनातन संस्कृति और विश्व कल्याण का संदेश दिया गया।