South 24 Parganas: भांगड़ में राजनीतिक माहौल गरमाया, नौशाद सिद्दीकी के खिलाफ नारेबाजी
दक्षिण 24 परगना: दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ क्षेत्र में मतदान के दौरान आईएसएफ उम्मीदवार नौशाद सिद्दकी को घेरकर विरोध प्रदर्शन किए जाने की घटना सामने आई है। यह घटना भांगड़ के साईंहाटी इलाके के एक मतदान केंद्र के बाहर हुई। आरोप है कि कुछ लोगों ने “जय बांग्ला” के नारे लगाते हुए उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों से इनकार किया है।
बताया गया है कि जब नौशाद सिद्दीकी मतदान केंद्रों का दौरा करते हुए साईंहाटी इलाके में पहुंचे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद वहां कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। नौशाद सिद्दीकी का आरोप है कि इलाके में पहले से माहौल शांत था, लेकिन तृणमूल के कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में कुछ लोग उनसे कहते दिखाई दे रहे हैं कि उन्हें इलाके में कभी देखा नहीं गया और उन्होंने क्षेत्र के लिए कोई काम नहीं किया। इस पर नौशाद सिद्दीकी ने जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने इलाके में 30 लाख रुपये के विकास कार्य कराए हैं और आरोप लगाने वाले लोग तृणमूल के समर्थक हैं।
हालांकि वहां केंद्रीय बलों की तैनाती होने के कारण स्थिति नियंत्रण में रही और किसी बड़े टकराव की खबर नहीं है।
इसी बीच हुगली जिले के खानाकुल क्षेत्र में भी आईएसएफ ने तृणमूल पर आरोप लगाया है कि दो बूथों पर उनके पोलिंग एजेंटों के फॉर्म की नकल कर एजेंट बैठाने की कोशिश की गई। आईएसएफ उम्मीदवार शेख साद्दाम हुसैन ने इसकी शिकायत चुनाव अधिकारियों से की, जिसके बाद दोनों एजेंटों को हटा दिया गया। बाद में बूथ के पास दोनों पक्षों के बीच झड़प की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने पहुंचकर शांत कराया।