सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में दुकान मालिक के घर से तीन लाख रुपये नकद चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान देवाशीष राय के रूप में हुई है। माटीगाड़ा थाना पुलिस ने दक्षिण दिनाजपुर जिले के हिली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, माटीगाड़ा के तुम्बाजोत निवासी ज्योत्सना घोष ने 26 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि 23 अक्टूबर को उनकी दुकान में काम करने वाला देवाशीष घर का ताला तोड़कर अंदर घुसा और तीन लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया।

चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई।

गुप्त सूचना के आधार पर 21 नवंबर को एएसआई प्रवीर कर्मकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हिली थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया। शनिवार रात उसे सिलीगुड़ी लाया गया।

पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जांचकर्ताओं को संदेह है कि आरोपी ने चोरी की रकम से यह बाइक खरीदी थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि चोरी की शेष रकम बरामद करने और मामले की आगे जांच की जा सके।

Tags: