आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में दामोदर नदी में स्नान के दौरान डूबे किशोर का चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। 19 नवंबर को हुई इस घटना के बाद से पुलिस और गोताखोर लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं। किशोर का पता नहीं चलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।

रविवार को आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल किराड़ी स्थित किशोर के घर पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

परिजनों के सामने ही अग्निमित्रा पाल ने जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त से फोन पर बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खोज अभियान केवल घटनास्थल तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि नदी के बहाव की दिशा में संभावित स्थानों पर भी तलाश की जाए।

उन्होंने विशेष रूप से दुर्गापुर बैराज तक खोज अभियान चलाने और रास्ते में पड़ने वाले संबंधित थानों को सतर्क रखने का आग्रह किया। साथ ही गोताखोरों से नदी के गहरे हिस्सों और पत्थरों के बीच तलाश करने को कहा।

अग्निमित्रा पाल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया था, जिससे खोज अभियान में परेशानी हुई। अब मौसम साफ होने और पानी कम होने के बाद तलाश तेज करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि किशोर के साथ मौजूद दोस्त से भी उस स्थान की जानकारी लेकर तलाश में सहयोग लिया जाना चाहिए, जहां उसे आखिरी बार देखा गया था।

अग्निमित्रा पाल ने नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता भी जताई। उन्होंने सुरक्षित स्नान क्षेत्रों का सीमांकन करने, खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने और जरूरत पड़ने पर पुलिस तैनात करने का सुझाव दिया।

उन्होंने राज्य की नदियों में अवैध बालू खनन को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए और कहा कि इससे नदियों की प्राकृतिक स्थिति प्रभावित हुई है।

अग्निमित्रा पाल ने बताया कि वह पिछले चार दिनों से पुलिस और प्रशासन के संपर्क में हैं तथा मामले को मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लाएंगी।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी परिवार है। परिवार के लिए सबसे जरूरी अपने बच्चे का पता चलना है। उन्होंने प्रशासन से खोज अभियान में तेजी लाने की अपील की।

Tags: