19 लाख की लागत से बनेगी पक्की सड़क और नाली, विधायक ने किया शिलान्यास
फूलबाड़ी को विकास की सौगात, दो इलाकों में सड़क निर्माण कार्य शुरू
सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी अंतर्गत फूलबाड़ी क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। डाबग्राम-फूलबाड़ी की भाजपा विधायक शिखा चटर्जी ने फूलबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत के भालोबासा मोड़ पर नारियल फोड़कर पक्की सड़क और नाली निर्माण कार्य की शुरुआत की।
विधायक शिखा चटर्जी ने बताया कि सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) की पहल पर इस परियोजना को पूरा किया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम में फूलबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत के प्रधान दयाल राय, राहुल बर्मन, मानुनी दास और उत्तम सरकार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
वहीं, फूलबाड़ी दो नंबर ग्राम पंचायत के पूर्व धनतला गांव में भी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। यहां 'जी राम जी' परियोजना के तहत 125 दिनों के कार्य के माध्यम से पेवर ब्लॉक लगाकर सड़क का निर्माण किया जाएगा।
एक ही दिन फूलबाड़ी के दो अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी देखी गई।
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।