उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने स्विस विश्वविद्यालय के साथ किया एमओयू
हल्द्वानी से स्विट्जरलैंड तक शैक्षणिक सहयोग, विद्यार्थियों के लिए खुलेंगी नई संभावनाएं
हल्द्वानी: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और स्विट्जरलैंड स्थित स्विस यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज (FFHS) के बीच अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके माध्यम से ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान, शोध और संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर ‘पाठ्यक्रम निर्माण एवं शिक्षण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का समावेश’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने उच्च शिक्षा में तकनीकी नवाचार, शैक्षणिक उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
मुख्य वक्ता डॉ. लुसिने मक्र्त्च्यान ने एआई आधारित पाठ्यक्रम निर्माण, डिजिटल शिक्षण और साइबर सुरक्षा की बढ़ती प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से शिक्षण को अधिक संवादपरक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाया जा सकता है। हालांकि, इसके उपयोग में शैक्षणिक नैतिकता और मानवीय विवेक को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने भाग लिया और भविष्य की शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी नवाचारों की भूमिका पर चर्चा की।