संविधान दिवस पर कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार के खिलाफ उठाई आवाज
उत्तराखंड में कांग्रेस ने निकाला संविधान बचाव मार्च, हस्ताक्षर अभियान का समापन
देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून में संविधान बचाव मार्च निकाला। हस्ताक्षर अभियान के समापन पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लोकभवन की ओर कूच किया।
कार्यक्रम से पहले कांग्रेस नेताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मार्च में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि संविधान बचाओ-देश बचाओ अभियान को प्रदेश की जनता का व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने केंद्र सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों, चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान नागरिकों के अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी देता है। पार्टी इन संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।