Uttarakhand उत्तराखंड: थलीसैंण ब्लॉक में भारी बारिश के दौरान एक युवती की गदेरे में फंसकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती घर के पास के जंगल में मवेशी चराने गई थी। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा खोजबीन के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को युवती का शव गदेरे में मिला।
पूर्व सांसद प्रतिनिधि और स्थानीय जगदीश प्रसाद ममगाईं ने बताया कि गुरुवार शाम थलीसैंण में भारी बारिश हुई। थाना क्षेत्र के रणगांव निवासी दान सिंह की बेटी मीना (18) घर के पास के जंगल में अपने मवेशी चराने गई थी। इसी दौरान बारिश के कारण घिंघराण गदेरा पूरे उफान पर बह रहा था। घर लौटते समय युवती का पैर फिसल गया और वह गदेरे में गिर गई।
करीब 15 से 20 मिनट बाद युवती के पिता दान सिंह ने अपनी बेटी की तलाश शुरू की। परिजन और ग्रामीण आधी रात तक युवती की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। दूसरे दिन शुक्रवार सुबह परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर फिर से तलाश शुरू की तो घिंघराण गदेरा से करीब आधा किलोमीटर दूर मैतुली गदेरा में बच्ची का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जहां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी थलीसैंण पहुंचाया।