Uttarakhand उत्तराखंड: पिथौरागढ़ के बॉर्डर जिले के घाट इलाके में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। बारात से लौट रही एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। खबरों के मुताबिक, टनकपुर-तवाघाट हाईवे पर घाट के पास रजिस्ट्रेशन नंबर UK 06 AZ 8788 वाली एक कार बेकाबू होकर करीब 200 मीटर नीचे खाई में गिर गई। हादसे में कार में सवार योगेश कुमार और उनकी पत्नी निधि आर्या की दर्दनाक मौत हो गई। वे बारात से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।पुलिस को सूचना मिली कि मटेला बैंड से करीब एक किलोमीटर दूर शहीद द्वार के पास एक कार अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई है।
इसके बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा और खाई होने की वजह से SDRF की टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शवों को किसी तरह खाई से बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस बीच, हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग टूट गए और पूरे इलाके में दुख की लहर दौड़ गई।