Udham Singh Nagar: अतिक्रमण के नाम पर लोगों को किया जा रहा परेशान
"रेलवे ने उनके घरों में नोटिस चस्पा कर सात दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने को कहा"
ऊधम सिंह नगर: रेलवे की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी करने के बाद लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर उन्हें बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया। शनिवार को वार्ड नंबर 14 के लोगों ने एसडीएम रविंद्र बिष्ट को ज्ञापन सौंपकर कहा कि शुक्रवार को रेलवे ने उनके घरों में नोटिस चस्पा कर सात दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने को कहा है, जबकि रेलवे प्रशासन जिस भूमि को रेलवे की भूमि बताकर अतिक्रमण हटाने की बात कर रहा है, वह भूमि उन लोगों की कब्जे की भूमि है।
यह भूमि राजस्व अभिलेखों में आबादी श्रेणी 6-2 में दर्ज है। उन्होंने कहा कि उनकी भूमि से लगी पूरब की ओर पक्की सड़क है जो राजस्व अभिलेखों में राज्य सरकार के नाम दर्ज है। रेलवे की ओर से पटरियों को मीटर गेज में परिवर्तित करते समय रेलवे की सीमा में आने वाली भूमि को लोहे की पत्तियों की दीवार से संरक्षित किया गया है। उन्होंने कहा रेलवे प्रशासन उनकी कब्जे और आबादी में दर्ज भूमि के साथ ही वहीं स्थित नगर पालिका की भूमि को भी स्वयं की बताकर अतिक्रमण के नाम पर उन्हें बेवजह परेशान कर रहा है। वहां पर सभासद विश्वनाथ यादव, अशोक खड़का, रोहित चौधरी, विकास शर्मा, हरिओम, जदगीश, नीरज आदि रहे।