रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की में कोर कॉलेज मार्ग पर बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रहमतपुर में टाटा मोटर्स के पास निर्माणाधीन पुलिया से बाइक टकराने पर एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, लंढौरा निवासी अज्जू और आकाश देर रात बाइक से रहमतपुर की ओर से कोर कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान टाटा मोटर्स के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुलिया से टकरा गई। हादसे में अज्जू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आकाश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि मौके पर चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त सुरक्षा संकेतक नहीं लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

सूचना मिलने पर रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रवेज सुल्तान भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

Tags: