उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की हरकीदून घाटी स्थित पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आने से कई मकान जलकर राख हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना से 30 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में शाम करीब 4:30 बजे एक मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

अग्निकांड में मकानों में रखा खाद्यान्न, कपड़े, बर्तन, नकदी और अन्य घरेलू सामान जलने की सूचना है। प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।

मोरी तहसीलदार सरदार सिंह चौहान के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं। मोरी तहसील मुख्यालय से गांव की दूरी करीब 45 किलोमीटर है। दुर्गम रास्ते के कारण बचाव दल को मौके तक पहुंचने में दो घंटे से अधिक समय लग सकता है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बचाव दल के पहुंचने और स्थिति का जायजा लेने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा।

Tags: