बिजली उपभोक्ताओं से बदसलूकी करना मीटर रीडर को पड़ा भारी, यूपीसीएल ने नौकरी से हटाया
बिजली विभाग के कर्मचारी को चेतावनी, गलत व्यवहार और अवैध वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई
देहरादून: उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए देहरादून के मीटर रीडर राजेंद्र सिंह रावत को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर दिया है। वह उपनल के माध्यम से संविदा पर विद्युत वितरण खंड (उत्तर) में तैनात थे।
विभाग के अनुसार, संबंधित कर्मचारी के खिलाफ उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार और अनुचित आचरण की शिकायतें मिली थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई गई। इसमें उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्यों की पड़ताल की गई। अधिशासी अभियंता स्तर पर गठित जांच समितियों ने भी पूरे प्रकरण की जांच की।
जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई के लिए मामला उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) को भेजा गया। इसके बाद राजेंद्र सिंह रावत को विभागीय सेवाओं से हटाकर उपनल वापस कर दिया गया।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार, धमकी, अनावश्यक दबाव या अनुचित आचरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली कर्मचारी द्वारा अभद्र व्यवहार या अवैध धनराशि मांगने पर तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता अथवा उच्चाधिकारियों को शिकायत करें।