देहरादून: उत्तरकाशी जिले के मोरी तहसील स्थित पवाणी गांव में भीषण आग से कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा जिला प्रशासन को प्रभावित लोगों के लिए भोजन, रहने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से हुए नुकसान का जल्द आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत राशि और सहायता देने के निर्देश भी दिए।

धामी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराना है।

Tags: