हरिद्वार: एसएमजेएन पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल तथा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किया गया।

प्रथम चरण में एक्मस फार्मा लिमिटेड की ओर से विज्ञान संकाय के बीएससी विद्यार्थियों की भर्ती प्रक्रिया हुई। कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी मोनू कुमार और कार्यकारी मयंक शर्मा ने साक्षात्कार के माध्यम से योग्यता, विषयगत ज्ञान और संचार कौशल का आकलन किया। चयन प्रक्रिया में प्रतिमा अंगिरा, साक्षी, निधि, लक्ष्मी, दिव्यांशु गैरोला, दिव्यांशु नेगी और विकास चौहान सहित सात विद्यार्थियों का चयन किया गया। विज्ञान विभाग से विनीत सक्सेना और डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल ने समन्वय की भूमिका निभाई।

इसी क्रम में वाणिज्य संकाय के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए बैंकिंग क्षेत्र में प्लेसमेंट ड्राइव हुआ। एनआईआईटी के वैभव चौहान और नितिन चौहान ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, बैंकिंग-वित्तीय ज्ञान और संचार कौशल का मूल्यांकन किया। इसका परिणाम शीघ्र घोषित किया जाएगा। वाणिज्य विभाग की प्रक्रिया का समन्वय रिचा मिनोचा और रिंकल गोयल ने किया।

प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल देकर आत्मनिर्भर बनाना है। प्लेसमेंट ड्राइव विद्यार्थियों को योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराते हैं।

महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी प्रतिष्ठित कंपनियों के सहयोग से कैम्पस प्लेसमेंट और कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Tags: