कंबोडिया में नैनीताल के सागर अधिकारी ने लहराया तिरंगा, एशियाई चैंपियनशिप में जीता कांस्य
विदेशी धरती पर चमके उत्तराखंड के सागर, एशियाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन
नैनीताल: अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्तराखंड के नैनीताल निवासी सागर अधिकारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कांस्य पदक जीत लिया। कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में आयोजित छठी एशियाई वोविनाम चैंपियनशिप-2026 में सागर ने यह उपलब्धि हासिल की।
24 से 30 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में सागर ने वरिष्ठ पुरुषों के 48 से 51 किलोग्राम भार वर्ग की फाइटिंग स्पर्धा में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कड़े मुकाबलों में बेहतर तकनीक और दमखम दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
सागर की इस उपलब्धि से उनके परिवार और नैनीताल के खेल जगत में खुशी का माहौल है। पिता चंदन अधिकारी, माता लक्ष्मी अधिकारी और अन्य परिजनों ने उनकी सफलता पर खुशी जताई। नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने भी सागर को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।