गंगा प्रदूषण रोकने की तैयारी तेज, डीएम ने सीवर नेटवर्क और एसटीपी की समीक्षा की
गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रशासन सख्त, होटलों और सीवर कनेक्शन की होगी जांच
नई टिहरी: गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने के लिए टिहरी जिला प्रशासन ने सीवेज प्रबंधन पर निगरानी बढ़ा दी है। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में मुनिकीरेती में हुई जिला गंगा समिति की बैठक में जिले के एसटीपी प्लांट, सीवर नेटवर्क और निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में सामने आया कि एनजीटी के आदेशों के तहत तपोवन क्षेत्र में एसटीपी स्थापित नहीं करने वाले 38 होटलों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, नरेंद्रनगर में 2 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का 90 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है।
डीएम ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को वार्डवार सीवर लाइनों तथा उनसे जुड़े भवनों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। होटलों को जारी नोटिस और उन पर की गई कार्रवाई का ब्योरा भी मांगा गया।
इसके अलावा ढालवाला में प्रस्तावित 300 केएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट को लेकर स्थानीय लोगों की आपत्तियों पर भी चर्चा हुई। बैठक में एनजीटी से जुड़े मामलों के अनुपालन की समीक्षा की गई।