नई टिहरी: नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर विभागीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों, लंबित मामलों और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके कार्यों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी ली। उन्होंने सभी जरूरी रिकॉर्ड अपडेट रखने और कार्यालयीन कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

सरिता डोबाल ने शाखा प्रभारियों से कहा कि कार्यालय आने वाले फरियादियों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो और किसी भी मामले को बेवजह लंबित न रखा जाए। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया।

Tags: