हरिद्वार: लक्सर नगर पालिका परिषद में लंबे समय से बोर्ड बैठक नहीं होने और विकास कार्यों के प्रस्ताव लंबित रहने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता ने अधिशासी अधिकारी को जल्द बोर्ड बैठक आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, सभासदों ने 26 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत देकर बताया था कि छह मार्च 2026 के बाद से पालिका की बोर्ड बैठक नहीं हुई है। इसके चलते नगर की मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े कई प्रस्ताव अटके हुए हैं।

एडीएम ने उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 86 का हवाला देते हुए कहा कि प्रत्येक माह बोर्ड बैठक आयोजित करना अनिवार्य है। उन्होंने पालिका अध्यक्ष से समन्वय कर जल्द बैठक बुलाने, सभी सभासदों को एजेंडे की सूचना देने और लंबित विकास प्रस्तावों को प्राथमिकता से शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

Tags: