Roorkee :सिविल अस्पताल की डायलिसिस यूनिट के स्टोर रूम में लगी आग, अफरातफरी
Roorkee रुड़की: बीती रात रुड़की सिविल अस्पताल के डायलिसिस यूनिट के स्टोर रूम में आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। आग ज्यादा नहीं फैल पाई, लेकिन डायलिसिस यूनिट के स्टोर रूम में रखा सामान जल गया। बिजली कट जाने और धुआं भरने से अस्पताल की इमरजेंसी भी प्रभावित हुई। आग लगने से अस्पताल में अफरातफरी की स्थिति रही। सिविल अस्पताल रुड़की की इमरजेंसी के ठीक बगल में डायलिसिस यूनिट बनी हुई है। बीती रात अचानक डायलिसिस यूनिट के स्टोर रूम से धुआं निकलता दिखाई दिया।
इमरजेंसी में तैनात डॉ. सरफराज ने इसकी सूचना स्टाफ और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलने पर कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई और समय रहते आग पर काबू पा लिया। आग में स्टोर में रखा सामान जल गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग बुझाने के लिए लाइट काटनी पड़ी। जिससे इमरजेंसी भी प्रभावित हुई। आग में डायलिसिस यूनिट की वायरिंग जल गई है। जिसके चलते शुक्रवार को मरीजों की डायलिसिस नहीं हो सकी। डायलिसिस के लिए आए मरीज को निराश होकर लौटना पड़ा। सिविल अस्पताल रुड़की के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि वायरिंग की मरम्मत की जा रही है, जिसके बाद डायलिसिस यूनिट चालू हो जाएगी।