विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस सख्त, एक आरोपी पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई
झबरेड़ा पुलिस की कार्रवाई, गौकशी के आरोपी को एक महीने के लिए जिला बदर
हरिद्वार: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में झबरेड़ा कोतवाली पुलिस ने गौकशी के मामलों में कथित रूप से संलिप्त एक व्यक्ति को गुंडा एक्ट के तहत एक महीने के लिए जिला बदर किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में ग्राम लाठरदेवा शेख निवासी लाला पुत्र इसरार के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत रिपोर्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट को भेजी गई थी।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार ने आरोपी को एक महीने के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया। आदेश के अनुपालन में झबरेड़ा पुलिस ने उसे जनपद की सीमा से बाहर कर दिया।
पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को सख्त चेतावनी दी है कि जिला बदर की निर्धारित अवधि के दौरान वह हरिद्वार जिले की सीमा में प्रवेश न करे। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसी निरोधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।