उत्तराखंड में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान तेज, 26 नवंबर को राजभवन कूच
बूथ से जिले तक हस्ताक्षर अभियान, कांग्रेस ने तय की समयसीमा
देहरादून: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस 26 नवंबर को राजभवन कूच करेगी। इससे पहले पार्टी ने प्रदेशभर में चल रहे हस्ताक्षर अभियान को पूरा करने के लिए संगठनात्मक इकाइयों को 23 नवंबर की समयसीमा दी है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दशौनी ने बुधवार को बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर सभी जिला, महानगर, ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित इकाइयों के अध्यक्षों को हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज तय तारीख तक देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जमा कराने को कहा गया है।
दशौनी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर जनता में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान के जरिए जनता की आवाज को संगठित रूप से उठाना चाहती है।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी सांसद कुमारी शैलजा तथा प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए राजभवन जाएंगे। वहां राज्यपाल को हस्ताक्षर अभियान के दस्तावेज सौंपकर मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच तथा कार्रवाई की मांग की जाएगी।
दशौनी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने तथा निर्धारित समय पर दस्तावेज जमा कराने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राजभवन कूच में भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा।