उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल, छह आईएएस अधिकारियों के विभाग बदले
"युगल किशोर पंत सैनिक कल्याण विभाग के पदभार से अवमुक्त"
देहरादून: उत्तराखंड शासन ने मंगलवार को छह आईएएस अधिकारियों की विभागीय जिम्मेदारियों में बदलाव किया। पंचायती राज विभाग का प्रभार नितेश कुमार झा से लेकर उमेश नारायण पाण्डेय को सौंपा गया है। वहीं, सी. रविशंकर को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ सैनिक कल्याण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के आदेश के अनुसार, वर्ष 2002 बैच के अधिकारी नितेश कुमार झा को सचिव, पंचायती राज के पदभार से अवमुक्त किया गया है। वह सचिव, शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी सी. रविशंकर अब सचिव, सैनिक कल्याण विभाग का कामकाज भी देखेंगे। इसके साथ ही युगल किशोर पंत को इस विभाग के सचिव पद के दायित्व से अवमुक्त कर दिया गया है।
अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़े दो पदों पर भी बदलाव किया गया है। विनीत कुमार को निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून तथा प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम के पद पर तैनात किया गया है। दीप्ति सिंह को इन दोनों पदभारों से अवमुक्त किया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों की अन्य जिम्मेदारियां यथावत रहेंगी। शासन ने उन्हें वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती का कार्यभार तत्काल ग्रहण करने को कहा है। कार्यभार ग्रहण करने की अनुपालन आख्या कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-एक को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।