देहरादून में आइसा का राज्य सम्मेलन, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
आइसा की नई प्रदेश कार्यकारिणी गठित, प्रियंका खत्री बनीं अध्यक्ष
देहरादून: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के सातवें राज्य सम्मेलन में संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। मंगलवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड, महिला सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पर्यावरणीय असंतुलन और प्राकृतिक आपदाओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की।
अंकिता भंडारी मामले पर उन्होंने कहा कि न्याय की लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि महिला सुरक्षा और जवाबदेही से जुड़ा मुद्दा है। सम्मेलन में अंकिता के माता-पिता सोनी देवी और वीरेंद्र भंडारी भी शामिल हुए। उन्होंने बेटी को न्याय दिलाने के लिए लोगों से सहयोग मांगा।
बोरा ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की कथित घटनाओं पर चिंता जताई और आरोप लगाया कि कुछ मामलों में मतदाताओं की जानकारी के बिना फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और शिक्षा के निजीकरण का विरोध करते हुए छात्र अधिकारों के लिए आंदोलन तेज करने की बात कही।
सम्मेलन में 15 सदस्यीय राज्य परिषद और पांच सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी का गठन किया गया। प्रियंका खत्री को प्रदेश अध्यक्ष और शिवांक नौटियाल को प्रदेश सचिव चुना गया। धीरज कुमार उपाध्यक्ष तथा सचिन रावत और सुमित सहसचिव निर्वाचित हुए।
सम्मेलन का समापन अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, शिक्षा के निजीकरण का विरोध करने और छात्र-युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ।