देहरादून: उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और राहत-बचाव व्यवस्था की क्षमता परखने के लिए 28 नवंबर को राज्य के सभी 13 जिलों में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर प्रदेश के करीब 250 से 300 स्थानों पर एक साथ आपदा से निपटने का अभ्यास होगा। राज्य में पहली बार इतने बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुसार हर वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत 25 से 28 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। 25 नवंबर को सभी जिलों में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी।

मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, बादल फटना, बाढ़, भूस्खलन, हिमस्खलन, जंगल की आग, टनल दुर्घटना, सड़क हादसे, औद्योगिक दुर्घटना और भगदड़ जैसी आपात स्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। इसमें एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, आईटीबीपी और स्थानीय स्वयंसेवकों की भागीदारी रहेगी।

राहत शिविरों में बिजली, पानी, भोजन, प्राथमिक उपचार और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच होगी। सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।

वहीं, 25 से 27 नवंबर के बीच 100 से अधिक विद्यार्थियों वाले विद्यालयों में मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। 28 नवंबर को स्कूलों में निबंध, पोस्टर, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। विकासखंड स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।

Tags: