लोनिवि अधिकारी खुद करें सड़कों की समस्याओं की पहचान
लोनिवि अधिकारियों को सड़क समस्याओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने को कहा
नई टिहरी: लोनिवि सचिव विनीत कुमार ने सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करने के अभियान के तहत टिहरी जिले के हाईवे, स्टेट हाईवे और जिला मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होेंने बीआरओ के अधीन ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर 10 से अधिक स्पॉट पर मरम्मत, पुश्ता निर्माण और पैच वर्क के निर्देश दिए। लोनिवि के अधिकारियों को प्रत्येक महत्वपूर्ण सड़क पर स्वयं गाड़ी से आवागमन कर गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए।
बुधवार और वीरवार को सचिव लोनिवि विनीत कुमार ने मुनिकीरेती से चंबा, नई टिहरी जिला मुख्यालय, कोटी कालोनी, रिंग रोड़, लंबगांव और घनसाली के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया। लोनिवि के एसई केएस नेगी ने बताया कि पालिका के अधीन नई टिहरी में आंतरिक मार्गों का हॉटमिक्स डामरीकरण हो रहा है, जबकि लोनिवि के स्वामित्व वाली करीब 10 किमी सड़क की डीपीआर शासन को भेजी है। नटराज-भद्रकाली मार्ग के डामीकरण की निविदा निकाली गई है।
अपर सचिव ने एनएच-34 पर भ्रदकाली से खाड़ी तक विभिन्न स्थानों पर सुधरीकरण, मरम्मत और पैचवर्क करने के निर्देश दिए। नरेंद्रनगर के शहर में सीवर लाइन की वजह से सड़क खराब हुई है इसे तत्काल ठीक करें। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर उन्होंने झाड़ी कटाने के निर्देश दिए।
अपर सचिव ने डाबरखाल-कुुड़ी-मौण, डांडाचली-गजा, नकोट-पांगरखाल, रानीचौरी-बादशाहीथौली, चंबा-कोटी कालोनी, त्यूणी-मलेथा हाईवे का निरीक्षण कर अधिकारियों को मलबा हटाने, गड्ढ़े भरने, पुश्ते और सुरक्षात्मक कार्य कराने, आवश्यकता वाले स्थानों पर इंटरलॉक टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। वहीं त्यूणी-मलेथा एनएच 707ए पर हॉटमिक्स करने के लिए मंत्रालय से समन्वय बनाकर डीपीआर स्वीकृति के निर्देश दिए।