शंकर सिंह बिष्ट की पत्नी ममता अपने कातिल को बेहद करीब से जानती थी, भरोसे से खोला था घर का दरवाजा

Update: 2022-11-04 15:12 GMT

हल्द्वानी क्राइम न्यूज़: बन्ना खेड़ा पुलिस चौकी में तैनात सिपाही शंकर सिंह बिष्ट की पत्नी ममता अपने कातिल को बेहद करीब से जानती थी। यही वजह से थी कि ममता ने अपने ही कातिल के लिए न सिर्फ भरोसे के साथ घर का दरवाजा खोला, बल्कि उसके चाय-नाश्ते के लिए रसोईघर में भी गई। हालांकि ममता को नहीं पता था कि उसका करीबी उसी का कत्ल करने के लिए घर में दाखिल हो चुका है। ममता अपने पति शंकर सिंह बिष्ट व दो बच्चों के साथ इमली धड़ा कालिका कालोनी गली नंबर छह लोहरियासाल तल्ला कठघरिया मुखानी में रहती थी। इस हत्याकांड को हत्यारे ने लूट का शक्ल देने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। दरअसल, बीते गुरुवार को सिर्फ जान-पहचान की वजह से ही ममता ने घर आए व्यक्ति के लिए दरवाजा खोला। उसे बिठाया और ममता उसे इतना करीब से जानती थी कि उसके लिए रसोई में चाय-पानी का इंतजाम करने भी गई और तभी उक्त हत्यारा पीछे से रसोई में दाखिल हुए और ममता को मार डाला। जिसके बाद उसने लॉकर तोड़ा। कुछ जेवर लिए बाकी वहीं छोड़ दिये। फिर वह कैश की तरह बढ़ा, लेकिन जेवर की ही तरह पूरा कैश नहीं उठाया। वह केवल तीन हजार लेकर वहां से चलता बना। अब पुलिस के मन में यही क्राइम सीन खटक रहा है।

पुलिस का मानना है कि अगर कत्ल लूट के इरादे से किया गया होता तो कातिल जेवर और कैश छोड़ कर नहीं जाता। कातिल यह पता था कि ममता किस वक्त घर में अकेली होती है। इसीलिए उसने वही वक्त चुना, जब ममता का पति अपनी नौकरी पर था और बच्चे स्कूल। पुलिस की अभी तक की जांच में यही सामने आया है कि यह विशुद्ध रूप से हत्या है, लेकिन वारदात को किस वजह से अंजाम दिया गया यह सामने आना बाकी है। हत्याकांड के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। अभी तक की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह सीधे तौर पर हत्या है और इसे लूट की शक्ल देने की कोशिश की गई। घटना में शामिल व्यक्ति को भी मृतका भली-भांति जानती थी, इसी वजह से उसके लिए दरवाजा खोला। मामले की जांच जारी है रविवार तक केस खुलने की पूरी संभावना है। – पंकज भट्ट, एसएसपी

24 घंटे में सलाखों के पीछे होगा हत्यारोपी: डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने दावा किया कि ममता के कातिल को 24 घंटे के पीछे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा। उनका कहना है कि कई टीमें घटना के अनावरण में लगी हैं। हर संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। कुछ लोगों पर पुलिस को गहन शक है और उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है।

50 से ज्यादा से पूछताछ, सर्विलांस पर कई नंबर: हत्याकांड के मामले में पुलिस ने घटना के बाद से अब तक 50 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है और कई लोगों से अब भी पूछताछ जारी है। अनावरण के लिए लगी तीन टीमों में से एक टीम सर्विलांस पर भी काम कर रही है। पुलिस ममता के मोबाइल को खंगालने के साथ कुछ लोगों के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लिया है। इसमें वह नंबर भी है, जिनसे ममता की कई बार बात हुई है।

अज्ञात के खिलाफ सिपाही ने दर्ज कराई रिपोर्ट: इस मामले में सिपाही शंकर सिंह बिष्ट ने अज्ञात हत्यारे के खिलाफ मुखानी थाने में केस दर्ज कराया गया है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि घर में घुसे अज्ञात हत्यारों ने घर में रखे लॉकर से दो तोला वजनी सोने का ग्लोबन्द, दो तोला सोने के झुमके, दो तोला सोने का मंगलसूत्र ले गए। जबकि नीचे वाले कमरे की आलमारी से तीन हजार रुपये चोरी किये गये हैं।

Tags:    

Similar News

-->