देहरादून: हिमालयी शहरों को जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से देहरादून में दो दिवसीय 'पर्वत मंथन कॉन्क्लेव-2026' का आयोजन किया गया। 17 और 18 नवंबर को आयोजित सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने जल सुरक्षा, स्वच्छता, जैव विविधता संरक्षण और टिकाऊ शहरी विकास से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की।

सम्मेलन में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उत्तराखंड के शहरी विकास सचिव नितेश कुमार झा, निदेशक विनोद गोस्वामी, पर्यावरण मंत्रालय की संयुक्त सचिव नमिता प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। नेपाल, भूटान और अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र (आईसीआईएमओडी) के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य थीम 'जल सुरक्षा से पारिस्थितिकी तंत्र आधारित शहरी विकास तक' रही। विशेषज्ञों ने पर्वतीय क्षेत्रों में जल एवं सीवरेज प्रबंधन, ठोस कचरा निस्तारण, जैव विविधता संरक्षण और आपदा जोखिम कम करने के उपायों पर विचार रखे।

विशेषज्ञों ने कहा कि हिमालयी शहरों की संवेदनशील भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विकास योजनाओं में प्रकृति आधारित समाधानों और विकेंद्रीकृत प्रबंधन को प्राथमिकता देना जरूरी है। इसके साथ ही शहरी बुनियादी ढांचे को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के अनुरूप मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

सम्मेलन के दौरान उत्तराखंड की नगर पंचायत लालकुआं को 'अर्बन लर्नाथॉन 2.0' प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सम्मानित किया।

प्रतिनिधियों ने देहरादून के मोथरोवाला स्थित 11 एमएलडी क्षमता वाले मल्टीस्टोरी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और हर्रावाला स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी का भ्रमण कर अपशिष्ट प्रबंधन एवं सीवेज उपचार की तकनीकों की जानकारी ली।

सम्मेलन में हिमालयी शहरों के पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखते हुए सुरक्षित, समावेशी और टिकाऊ विकास के लिए आपसी सहयोग तथा आधुनिक तकनीकों के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया।

Tags: