उत्तराखंड में स्टार्टअप्स को मिलेगा बड़ा मंच, 21 नवंबर से इंडस्ट्री वेलनेस एक्सपो
देवभूमि पिचाथॉन-2026 का आयोजन, स्टार्टअप्स को निवेश पाने का सुनहरा मौका
देहरादून: उत्तराखंड में स्टार्टअप्स, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए 21 से 23 नवंबर तक तीन दिवसीय 'इंडस्ट्री वेलनेस एक्सपो' और 'देवभूमि पिचाथॉन-2026' आयोजित किया जाएगा। जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार की ओर से यह कार्यक्रम यमकेश्वर के स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन घाट हॉल में होगा।
आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के उद्यमियों, स्टार्टअप्स, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों को एक मंच पर लाना है। इसके माध्यम से आयुष, वेलनेस, मेडिकल टूरिज्म, पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों को नए बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 'देवभूमि पिचाथॉन-2026' होगा। इसमें स्टार्टअप्स और उद्यमी अपने नए व्यावसायिक विचार, उत्पाद और परियोजनाएं उद्योग विशेषज्ञों एवं संभावित निवेशकों के सामने प्रस्तुत कर सकेंगे। चयनित परियोजनाओं को निवेश के माध्यम से वित्तीय सहायता मिलने की संभावना है। इसके लिए एसआरआई फंड, नई दिल्ली सहित विभिन्न वित्तीय संस्थाओं को आमंत्रित किया गया है।
एक्सपो में आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, हर्बल एवं ऑर्गेनिक उत्पाद, हेल्थटेक, टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थकेयर, मेडिकल उपकरण और एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में नए उद्योग स्थापित करने, मौजूदा व्यवसाय का विस्तार करने और नई परियोजनाएं शुरू करने के इच्छुक उद्यमी भाग ले सकेंगे। शुरुआती और ग्रोथ स्टेज के स्टार्टअप्स को भी आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
चयनित परियोजनाओं को जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से विभागीय सहयोग देने के साथ सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं, सब्सिडी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने इच्छुक उद्यमियों और स्टार्टअप्स से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। प्रतिभागी www.udyamgrowth.com पर ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण कर सकते हैं।