देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने टिहरी जिले में अपना राजनीतिक कुनबा बढ़ाया है। बुधवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख रीता पंवार, कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी, सात क्षेत्र पंचायत सदस्यों और करीब एक दर्जन ग्राम प्रधानों सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया। इन जनप्रतिनिधियों ने धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार के प्रयासों से भाजपा का दामन थामा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि प्रदेश की जनता लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के 13 में से 12 जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा से जुड़े हैं और अब टिहरी जिले के सभी नौ ब्लॉक प्रमुख भी पार्टी में शामिल हो गए हैं।

भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आंतरिक कलह और सत्ता संघर्ष का आरोप भी लगाया।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

भाजपा में शामिल हुईं रीता पंवार ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकसित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगी।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, विधायक प्रीतम पंवार और प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: